उज्जैन। मध्यप्रदेश शासन के युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र एवं शासकीय आईटीआई संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 8 अप्रैल को एक दिवसीय युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा।
मेला प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय, 153 महाश्वेता नगर, इस्कॉन मंदिर के सामने, उज्जैन में आयोजित होगा।
इस रोजगार मेले में कटारिया ग्रुप, बोकेम हेल्थकेयर प्रा.लि., न्यू जील फैशन वियर प्रा.लि., आइसेक्ट लिमिटेड, एसबीआई लाइफ, भारतीय जीवन बीमा निगम, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा.लि., भागीरथ मोटर्स इंडिया प्रा.लि., सेज फाउंडेशन इंदौर, प्रतिभा स्वराज प्रा.लि., पुखराज हेल्थ केयर प्रा.लि. सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी।
इन कंपनियों द्वारा सेल्स एक्जीक्यूटिव, टेक्नीशियन, ट्रेनर, टीम लीडर, बैक ऑफिस, सुरक्षा गार्ड, ऑपरेटर, हेल्पर, ऑफिस बॉय सहित लगभग 200 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लेकर प्रारंभिक चयन किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों के लिए हेल्पर एवं ऑपरेटर पदों पर विशेष अवसर उपलब्ध रहेंगे।
मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं, जिन्होंने 5वीं से लेकर स्नातकोत्तर तक किसी भी विषय में शिक्षा प्राप्त की हो, साथ ही तकनीकी योग्यता रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाणपत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां साथ लेकर मेले में उपस्थित हों।