देवास। “ऑपरेशन F.A.C.E.” के तहत देवास कोतवाली पुलिस ने एक बड़े फर्जी सिम कार्ड गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक ही चेहरे का दुरुपयोग कर 84 सिम कार्ड अलग-अलग नाम-पते से जारी करवा दिए।
एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि कार्रवाई डीजीपी कैलाश मकवाना के निर्देश पर की गई। DOT के AI टूल ASTR से मिले इनपुट में एक ही चेहरे से 50+ नंबर एक्टिव मिलने पर जांच शुरू हुई। आरोपी अबरार उर्फ अरबाज उर्फ अब्दुल, निवासी गंधर्वपुरी (सोनकच्छ) ने खुद और POS एजेंटों की मदद से यह सिम जारी कराए।
मामले में थाना कोतवाली में धोखाधड़ी व आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल किन आपराधिक गतिविधियों में किया जा रहा था।
देवास पुलिस ने सभी सिम विक्रेताओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।