सोनकच्छ। नगर में चोरी की घटनाएं अब अजीब मोड़ लेती नजर आ रही हैं। वार्ड क्रमांक 11 स्थित महावीर मार्ग पर दिनदहाड़े मुर्गा चोरी की घटना सामने आई है, जो पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात व्यक्ति बाइक पर सवार होकर इलाके में घूम रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क पर घूम रहे एक मुर्गे पर नजर डाली और मौके का फायदा उठाकर उसे उठाकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब चोर इतने बेखौफ हो गए हैं कि मुर्गा-मुर्गी भी सुरक्षित नहीं हैं। छोटी-छोटी चोरी की घटनाएं बढ़ना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
फिलहाल मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।