शाजापुर। जिले में गेहूं की सरकारी खरीदी शुरू न होने और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ (बीकेएस) ने सोमवार को प्रदेशव्यापी आह्वान पर धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा धरना प्रदर्शन के दौरान किसान संघ के पदाधिकारियों ने सरकार की ष्खरीदी टालो नीति पर कड़ा प्रहार किया। किसानों का मुख्य आरोप है कि गेहूं की फसल कटकर तैयार है और खलिहानों में रखी है, लेकिन शासन द्वारा खरीदी की तारीखों को बार-बार आगे बढ़ाया जा रहा है।
किसान संघ के जिला अध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी खरीदी शुरू न होने का सीधा फायदा बिचौलिए उठा रहे हैं। किसान अपनी पारिवारिक जरूरतों और अगली फसल की तैयारी के लिए औने-पौने दामों (₹2100 से ₹2300) पर गेहूं बेचने को मजबूर है, जबकि समर्थन मूल्य बोनस के साथ काफी अधिक है। इससे प्रति क्विंटल किसानों को ₹400 से ₹500 का सीधा नुकसान हो रहा है। ज्ञापन सौंपते समय भारतीय किसान संघ ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही खरीदी प्रक्रिया को सरल और तेज नहीं किया, तो आने वाले दिनों में चक्काजाम और अनिश्चितकालीन धरने जैसे कदम उठाए जाएंगे।