नीमच। जिले के धनेरिया कलां गांव में एक किसान की जमीन कथित रूप से धोखाधड़ी और जालसाजी के जरिए हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनेरिया कलां निवासी नवल सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी कृषि भूमि (खसरा नंबर 708, रकबा 0.175 हेक्टेयर) को धोखे से आरोपी के नाम करा लिया गया। पीड़ित के मुताबिक, 30 मार्च 2026 को गांव के ही लक्ष्मी नारायण अहीर ने उनसे संपर्क कर पुराना कर्ज लौटाने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि इसी बहाने आरोपी उन्हें बैंक ले गया, जहां आधार ओटीपी के माध्यम से दस्तावेजी प्रक्रिया करवाई गई। इसके बाद उन्हें कलेक्ट्रेट ले जाकर कुछ कागजों पर अंगूठा लगवा लिया गया।
नवल सिंह का कहना है कि उन्हें मात्र 70 हजार रुपये नकद दिए गए, जबकि दस्तावेजों में 30 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान दर्शाया गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उनकी अशिक्षा एवं नशे की स्थिति का फायदा उठाकर यह पूरी साजिश रची गई और उनकी जमीन की रजिस्ट्री आरोपी के नाम करवा ली गई।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।