कसरावद। नगर के प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-03 में वर्षों से जर्जर स्थिति में खड़ा किचन शेड आखिरकार हटा दिया गया। लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण पड़े इस किचन शेड से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों एवं स्टाफ को खतरा बना हुआ था। भवन की जर्जर हालत के कारण यहां जीव-जंतुओं के आने का भी डर बना रहता था।
विद्यालय की शिक्षिका सुनीता वर्मा ने बताया कि इस संबंध में नगर पंचायत को कई बार सूचना दी गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। इसके बाद शिक्षिका ने स्वयं नगर परिषद में जानकारी देकर अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं एल्डरमैन जितु पाटीदार को मौके पर बुलाया और भवन की खतरनाक स्थिति से अवगत कराया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष प्रतिनिधि ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन भेजकर जर्जर किचन शेड को ध्वस्त करवाया और परिसर को समतल कराया गया।
इस दौरान विद्यालय के शाकिर पठान एवं माधुरी मंडलोई सहित स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई के लिए नगर परिषद अध्यक्ष विमल यादव एवं सीएमओ कमलेश गोले का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यालय परिसर अब सुरक्षित हो गया है और बच्चों को किसी प्रकार के हादसे का खतरा नहीं रहेगा।