उज्जैन। डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को सतर्क रहने की अपील की गई है। एडीज मच्छर दिन में काटता है और रुके हुए साफ पानी में प्रजनन करता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि इन बीमारियों की रोकथाम आमजन के सहयोग से संभव है। घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें तथा सिंक, गमले, टंकियों, कूलर एवं अन्य बर्तनों की नियमित सफाई करें। छतों पर कबाड़ एवं गंदगी न रखें।
डेंगू के लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द, उल्टी एवं आंखों में दर्द शामिल हैं। गंभीर स्थिति में नाक या मसूड़ों से खून आना, पेट दर्द एवं अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार मच्छर टायर, टूटे बर्तन, गमले, कूलर एवं खुले पानी के स्रोतों में तेजी से पनपते हैं। ऐसे स्थानों को ढककर रखना एवं पानी को नियमित रूप से खाली करना आवश्यक है।
बचाव के लिए मच्छरदानी, मच्छर प्रतिरोधी क्रीम, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े तथा साफ-सफाई अपनाने की सलाह दी गई है। बुखार आने पर तुरंत रक्त जांच कराएं तथा चिकित्सकीय परामर्श लें। मलेरिया की जांच एवं उपचार सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है।