रतलाम। भारत सरकार के गृह मंत्रालय, जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 के प्रथम चरण- मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण गुरुवार से प्रारंभ हो गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम चार्ज अधिकारियों की निगरानी में आयोजित किया जा रहा है। पिपलोदा, रतलाम ग्रामीण, रावटी, आलोट, जावरा, सैलाना एवं ताल तहसील क्षेत्रों में संबंधित चार्ज अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण सत्रों का निरीक्षण किया गया। वहीं नगरीय क्षेत्रों में भी चार्ज अधिकारियों ने प्रशिक्षण का जायजा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां दी गईं। साथ ही डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया एवं उसकी बारीकियों से भी विस्तार से अवगत कराया गया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, ताकि जनगणना कार्य सुचारू एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न किया जा सके।