देवास। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए घर-घर सर्वे कर पात्र हितग्राहियों को जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम में “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” के तहत महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा विद्यार्थियों व हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं गरीबों के लिए संबल बन रही हैं।
उपमुख्यमंत्री ने देवास जिले में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व में अपनी अलग पहचान रखता है, जिसके निर्माता बाबा साहब डॉ. अंबेडकर थे और उनके विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं हितग्राही उपस्थित रहे।