नीमच। जिला कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण विभाग की जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मालावत ने आदिवासी समाज के हितों से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार चिंताजनक हैं। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की जनजातीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।
बैठक में जावद क्षेत्र के तरौली गांव निवासी हेमराज भील के मामले को भी उठाया गया। बताया गया कि वन विभाग द्वारा उन्हें कथित रूप से गलत तरीके से आरोपी बनाकर जेल भेजा गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दाेष को न्याय दिलाने की मांग की गई।
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आदिवासी कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।
बैठक अतिरिक्त कलेक्टर बीएस कनेश की अध्यक्षता एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।