चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर.के. नगर, निम्बाहेड़ा स्थित पाटनी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के प्रथम चरण का परिणाम घोषित होने के साथ ही विद्यालय परिसर में खुशी और बधाइयों का माहौल छा गया। इस अवसर पर वंडर सीमेंट लिमिटेड के यूनिट हेड एवं विद्यालय प्रबंधक नितिन जैन ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि विद्यालय की मेधावी छात्रा सुश्री तिशा लालवानी ने 94.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और स्कूल का नाम गौरवान्वित किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो सभी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
जैन ने कहा कि विद्यार्थियों ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इस वर्ष भी पाटनी पब्लिक स्कूल को क्षेत्र में श्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थान के रूप में स्थापित किया है। इस उपलब्धि का पुरा श्रेय जैन ने सभी शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं पूरे विद्यालय परिवार को देते हुए सभी को शुभकामनाएं दी।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में सुश्री तिशा लालवानी ने 94.40 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान, भव्य मेहता ने 93.80 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान तथा सुश्री तनीशा चेचानी ने 93.60 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के 11 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने के साथ ही 10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल प्रविष्ठ 70 में से 68 विद्यार्थियों ने प्रथम क्षेणी प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। विद्यालय में 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं के साथ-साथ अन्य सभी कक्षाओं का संचालन अनुभवी एवं श्रेष्ठ शिक्षकों द्वारा किया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन प्रत्येक वर्ष उत्कृष्ट परिणामों के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।