नीमच। धर्म, श्रद्धा और भक्ति के दिव्य संगम का साक्षी बनने जा रहा नीमच शहर, जहां श्री आदिनाथ जिनालय एवं जिन कुशल सूरी खरतरगच्छ ट्रस्ट के तत्वावधान में नवनिर्मित आदिनाथ जिनालय मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को कुंभ दीपक प्रज्ज्वलन एवं ज्वारा रोपण के साथ हुआ, जिससे शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया है। जैन भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रतिष्ठा महोत्सव संयोजक अनिल नागौरी एवं ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पगारिया ने बताया कि यह आयोजन गच्छाधिपति आचार्य भगवंत जिन मणि प्रभ सूरीश्वरजी महाराज के सानिध्य तथा परम पूज्य साध्वी डॉ. विद्युत प्रभा श्रीजी सहित 20-25 साधु-साध्वियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा।
उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल को गुरुदेव का भव्य नगर प्रवेश होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। 24 अप्रैल को मुख्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें मूलनायक भगवान आदिनाथ सहित विभिन्न दिव्य प्रतिमाओं की विधिवत स्थापना की जाएगी। साथ ही दादावाड़ी में चारों दादा गुरुदेव की प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा भी की जाएगी।
महोत्सव के दौरान 17 से 25 अप्रैल तक प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, कल्याणक विधान, वरघोड़े एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वर्षीतप तपस्वियों का वरघोड़ा, 56 दिक्कुमारी महोत्सव एवं गुरुदेव वंदना प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
नवनिर्मित जिनालय परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सभा मंडप, गुरु मंदिर, आराधना भवन एवं प्रवचन कक्ष का निर्माण किया गया है, जो भविष्य में धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
पत्रकार वार्ता में साध्वी डॉ. विद्युत प्रभा श्रीजी ने प्राण प्रतिष्ठा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे आत्मशुद्धि एवं धर्म जागरण का महापर्व बताया। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमीजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।