मंदसौर। जिले के दलौदा कस्बे में बीड़ी मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार रात एक युवक ने बीड़ी देने से इनकार किया तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुमारवाड़ा निवासी विजय नाथ (23) शनिवार रात दलौदा कृषि उपज मंडी रोड स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने गया था। इसी दौरान वहां पहुंचे सिराज ने विजय से बीड़ी मांगी। बीड़ी देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर सिराज ने चाकू निकालकर विजय पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान विजय के हाथ में गहरा घाव हो गया और वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल दलौदा थाने पहुंचाया, जहां से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
परिजनों ने बताया कि चाकू लगने से विजय के हाथ में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने उसके हाथ में 7 से 8 टांके लगाए हैं। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि आरोपी सिराज को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।