बड़वानी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्ट्रीट वेंडर मार्केट के लोकार्पण समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभभ पांडे द्वारा दिए गए उस बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि पूर्व नगर पालिका परिषद ने ष्सिर्फ चार बाथरूम बनाएष्, के बाद अब पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मण चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
लक्ष्मण चौहान ने कहा कि उनके कार्यकाल में नगर विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद ने 28 सार्वजनिक शौचालय, 8 डीलक्स शौचालय और 10 सुलभ शौचालय का निर्माण कराया। इसके अलावा शहर में सेल्फी पॉइंट का निर्माण, विभिन्न सड़कों का निर्माण, बगीचों का सौंदर्यीकरण, तथा ओलंपिक सर्किल से सरस्वती हॉस्पिटल तक डिवाइडर युक्त सड़क निर्माण जैसे कार्य भी कराए गए।
उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में नगर पालिका को स्वच्छता सर्वेक्षण में 7वीं रैंक प्राप्त हुई। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 10 कचरा वाहन खरीदे गए, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था शुरू की गई और नागरिकों को डस्टबिन वितरित किए गए।
लक्ष्मण चौहान ने यह भी कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्ट्रीट वेंडर मार्केट की स्वीकृति तत्कालीन कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में मिली थी। इसके अलावा शहर में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए गए, जिससे नागरिकों को पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। साईनाथ बी कॉलोनी की सेफ्टिक टैंक समस्या का भी स्थायी समाधान कराया गया पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर गलत जानकारी प्रस्तुत करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में किए गए कार्य जनता के सामने हैं और नगर के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए गए।
यह बयान स्ट्रीट वेंडर मार्केट लोकार्पण समारोह के दौरान दिए गए राजनीतिक वक्तव्य के बाद सामने आया है, जिससे स्थानीय राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।