नीमच। जिला कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम धामनिया की राधाबाई मेहतर सहित अन्य ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत कर अपनी कृषि भूमि तक जाने वाले पुश्तैनी रास्ते को बहाल कराने की मांग की।
आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि उद्योग विभाग द्वारा भूमि आवंटन के बाद सर्वे नंबर 13/1 पर प्रीकास्ट दीवार/बैरियर लगाए जाने से उनके खेतों तक जाने वाला वर्षों पुराना रास्ता बंद हो गया है। इसके कारण सर्वे नंबर 13/2, 13/3 एवं 13/4 स्थित कृषि भूमि तक पहुंचने में उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में जनसुनवाई के दौरान शिकायत की गई थी तथा राजस्व विभाग द्वारा जांच भी की गई, लेकिन बाद में तहसीलदार द्वारा उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया।
आवेदकों ने बताया कि कृषि ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है। खेत तक पहुंचने का रास्ता बंद होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से पुश्तैनी खेत मार्ग पुनः बहाल कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।