नीमच। मनासा तहसील के ग्राम चुकनी में पाटीदार समाज की धर्मशाला के लिए खरीदी गई भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को धर्मशाला निर्माण समिति के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को रोकने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
धर्मशाला निर्माण समिति के अध्यक्ष परसराम पाटीदार, सचिव विनोद पाटीदार एवं कोषाध्यक्ष रोशन पाटीदार सहित समाजजनों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि कुछ लोग समाज की भूमि पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य कराने का प्रयास कर रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम चुकनी स्थित सर्वे नंबर 1132 की भूमि वर्ष 2016 में पाटीदार समाज के सहयोग से धर्मशाला निर्माण के उद्देश्य से खरीदी गई थी। भूमि की रजिस्ट्री तत्कालीन अध्यक्ष के नाम पर हुई थी, लेकिन समाजजनों का कहना है कि यह संपत्ति पूरे पाटीदार समाज की है। इसके बावजूद कुछ लोग समाज की सहमति के बिना निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास कर रहे हैं।
समाजजनों ने बताया कि इस मामले को लेकर पूर्व में मनासा पुलिस थाने में शिकायत भी की गई थी। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया गया, जिसमें 39 सदस्यों ने समझौते पर सहमति जताई, जबकि 61 सदस्यों ने लिखित समझौते पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि धर्मशाला निर्माण के नाम पर वर्षों से समाज के लोगों से राशि एकत्रित की जा रही है, लेकिन अब तक न तो धर्मशाला का निर्माण हो सका है और न ही भूमि पर कोई सामाजिक गतिविधि शुरू हुई है। समाजजनों ने चंदे की राशि का पारदर्शी हिसाब प्रस्तुत नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया।
आवेदकों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो विवाद बढ़ सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन से विवादित भूमि पर जारी निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने एवं दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।