छतरपुर। जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम मनकारी निवासी एक महिला ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना देकर न्याय की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और उसकी तीन वर्षीय बच्ची को परिजन जबरन अपने साथ ले गए।
महिला तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच करीब आधे घंटे तक एसपी कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठी रही। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर उसे एसपी कार्यालय के अंदर ले गई, जहां उसकी काउंसलिंग की गई।
बड़ामलहरा थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि महिला का मायका ग्राम मनकारी में है और पिछले दो वर्षों से उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ामलहरा थाने में इस संबंध में महिला द्वारा अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
वहीं, सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि महिला का मायका बड़ामलहरा थाना क्षेत्र में जबकि ससुराल राजनगर थाना क्षेत्र में है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला अपनी बच्ची की कस्टडी (अभिरक्षा) को लेकर परेशान है और यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
सीएसपी ने बताया कि महिला से लिखित शिकायत प्राप्त कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।