खरगोन। भारतीय मजदूर संघ ने सोमवार को शहर में प्रभावी विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ ने केंद्र सरकार से मजदूरों, कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, स्कीम वर्करों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों की पुरानी लंबित मांगों के जल्द समाधान की मांग की। अपनी लंबित मागों को लेकर हजारों की संख्या में कर्मचारी कुंदा तट पर एकत्रित हुए। यहां से कतारबद्ध होकर रैली निकाली। रैली में मांगो के समर्थन में नारेबाजी की गई। कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों ने 53 सूत्री मांगों का ज्ञापन दिया। प्रदर्शन के दौरान हम अपना अधिकार मांगते, देश हित मे करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम, जैसे नारे भी लगाए। प्रदर्शन में दैनिक वेतनभोगी, पंचायत सचिव, संविदा स्वास्थ्य कर्मी, श्रमिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहे। पदाधिकारियों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा। इस दौरान न्यूनतम पेंशन में बढ़ोतरी, ईपीएफ (ईपीएफ) और ईएसआई (ईएसआई) के लिए न्यूनतम वेतन सीमा में संशोधन, पदोन्नति, पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी परीक्षा रद्द करने तथा नए लेबर कोड के प्रावधानों में आवश्यक सुधार करने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर आवाज बुलंद की गई।