खरगोन। प्रदेश के नर्सिंग विद्यार्थी परीक्षा परिणाम जारी करने, आगामी परीक्षाओं के आयोजन, छात्रवृत्ति एवं फीस माफी सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर हैं। अपने भविष्य को लेकर चिंतित विद्यार्थियों ने शासन का ध्यान आकर्षित कराने के लिए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है।
जीएनएम और बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने बिस्टान नाका क्षेत्र में टंट्या मामा की प्रतिमा के समीप टेंट लगाकर धरना शुरू किया है। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि वर्तमान व्यवस्था के कारण उनकी नर्सिंग शिक्षा प्रभावित हो रही है।
तीन साल का कोर्स छह साल में भी अधूरा
विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने तीन वर्षीय जीएनएम और बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया था, लेकिन समय पर परीक्षाएं नहीं होने और परिणाम जारी नहीं किए जाने के कारण उन्हें करीब छह साल से डिग्री के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि तीन साल का जीएनएम डिप्लोमा भी छह साल में पूरा नहीं हो सका है, जिससे उनका भविष्य अनिश्चित हो गया है।
विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने, आगामी परीक्षाओं का आयोजन, छात्रवृत्ति प्रदान करने और फीस माफी सहित अन्य मांगों के निराकरण की मांग की है।
हाईवे पर किया सांकेतिक चक्काजाम
धरनास्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग, पेयजल और चलित टॉयलेट की व्यवस्था की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने सांकेतिक रूप से हाईवे पर चक्काजाम भी किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने विद्यार्थियों से चर्चा कर समझाइश दी, जिसके बाद यातायात सुचारु हो गया।
विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो उनका आंदोलन जारी रहेगा।