देवास। मध्य प्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ के आह्वान पर जिले के कृषि विस्तार अधिकारियों ने सोमवार से कृषि कार्यालय में कलमबंद आंदोलन शुरू कर दिया। अधिकारियों ने कार्य का बहिष्कार करते हुए धरना प्रदर्शन किया। यह आंदोलन 20 अगस्त तक जारी रहेगा।
धरने के दौरान कृषि विस्तार अधिकारियों ने अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया। अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था उनके मुख्यालयों पर उपलब्ध नहीं है। ऐसे में किसानों के हित और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें क्षेत्र में जाकर कार्य करना पड़ता है, जिससे ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में परेशानी होती है।
अधिकारियों ने लंबे समय से लंबित 2800 ग्रेड पे की मांग को भी जल्द पूरा करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उन्हें अतिरिक्त केंद्रों का प्रभार देकर कार्य कराया जाता है, जिसके बदले केवल 500 रुपये का भुगतान किया जाता है। अधिकारियों ने इस राशि को बढ़ाकर कम से कम 5000 रुपये प्रति केंद्र करने की मांग की है।
कृषि विस्तार अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जा सकता है।