मंदसौर। आर्थिक परेशानी के कारण आगे की पढ़ाई को लेकर चिंतित चंचल सोनी के लिए जनसुनवाई उम्मीद की नई किरण लेकर आई। चंचल ने जनसुनवाई में पहुंचकर बताया कि वह आगे की पढ़ाई के लिए इंदौर के कॉलेज में अध्ययन करना चाहती है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कॉलेज की फीस जमा करने में परेशानी आ रही है।
चंचल ने कॉलेज फीस में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई में अधिकारियों ने उसकी समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना और उसकी पढ़ाई जारी रखने में मदद का निर्णय लिया।
इसी दौरान कॉलेज फीस के लिए 25 हजार का चेक चंचल की गार्जियन को सौंपा गया। आर्थिक सहायता मिलने से चंचल की आगे की पढ़ाई में आर्थिक परेशानी अब बाधा नहीं बनेगी।
चंचल एवं उसके परिजनों ने इस सहायता के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं, इस पहल से यह संदेश भी सामने आया कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा जारी रखने के लिए समय पर सहयोग मिलने से उनके भविष्य की राह आसान हो सकती है।