खरगोन। जिले के कसरावद में नगर परिषद द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र गीत वंदे मातरम् के अधूरे गायन से हुए अपमान को लेकर मंगलवार को भाजपा एवं भाजयुमो द्वारा रैली निकालकर नप का पुतला दहन कर एसडीएम अनिल जैन को ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार दोपहर 3 बजे नगर के विजय स्तंभ चौराहे से भाजपा कार्यकताओं हाथों में तिरंगे लेकर रैली के रूप में नगर परिषद चौक पहुंचे। यहां पर पूर्ण राष्ट्र गीत वंदे मातरम का गायन किया गया। इसके पश्चात रैली मंडलेश्वर रोड होते हुए विजय स्तंभ चौराहे पर पहुंची। विजय स्तंभ पर नगर परिषद का पुतला दहन किया गया। इसके पश्चात रैली एसडीएम कार्यायल पहुंची। रैली में वंदे मातरम् के सम्मान में, भाजपा मैदान में, शर्म करो शर्म करो नगर परिषद शर्म करो, इस्तीफा दो इस्तीफा दो नगर परिषद अध्यक्ष इस्तीफा दो के नारे के साथ रैली एसडीएम कार्यायल पहुंची। नगर मंडल अध्यक्ष दीपक पटेल ने ज्ञापन का वाचन किया। भाजपा नेता हेमन्त सोनी ने बताया कि नगर परिषद ने राष्ट्रीय पर्व पर शासन के प्रोटोकॉल का पालन ना कर राष्ट्र गीत वंदे मातरम् का अधूरा गायन कराया। राष्ट्र गीत देश की आजादी का गीत है और इसका अपमान होने से राष्ट्र भक्तों की भावनाएं आहत हुई। इसे लेकर भाजपा ने ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करने की माँग की है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकता उपस्थित थे।