चित्तौड़गढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को मतदान दलों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर मतदान कार्मिकों को निर्वाचन दायित्व पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निभाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण में 234 पीठासीन अधिकारियों (पीआरओ) एवं 234 प्रथम मतदान अधिकारियों (पीओ-1) को मतदान प्रक्रिया का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्मिकों को मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद की व्यवस्थाओं, ईवीएम संचालन, मॉक पोल, मतदाता पहचान, मतदान की गोपनीयता, अभिलेख संधारण तथा मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री की सीलिंग और जमा कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
ईवीएम संचालन और मॉक पोल का कराया अभ्यास-
प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को कंट्रोल यूनिट एवं बैलेट यूनिट को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयार करने तथा मॉक पोल कराने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। तकनीकी समस्या आने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाए रखने की जानकारी भी दी गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़ ने कहा कि पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सभी कार्मिक अपने दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा, सीलिंग तथा विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों को सावधानीपूर्वक भरने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान डीएलएमटी डॉ. कनक जैन, ओमप्रकाश पालीवाल, डॉ. राजकुमार शर्मा, रजत सुनिया, महेश नुवाल, अशोक रेगर तथा सहायक प्रभारी प्रमोद दशोरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।