सावन। आज के दौर में जहां छोटे-छोटे आयोजनों में भी लोग बड़ी रकम खर्च कर देते हैं, वहीं कुछ लोग अपने खास दिन को समाजसेवा से जोड़कर एक नई मिसाल पेश कर रहे हैं। ऐसा ही एक उदाहरण शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक दशरथ नागदा ने पेश किया।
शिक्षक दशरथ नागदा ने हर वर्ष की तरह इस बार भी अपना जन्मदिन कुछ अलग अंदाज में मनाया। उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर सावन के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को डिजिटल स्लेट वितरित की। शिक्षक ने जन्मदिन के मौके पर होने वाली फिजूलखर्ची से दूर रहते हुए ऐसी सामग्री का वितरण किया, जो बच्चों की पढ़ाई में उपयोगी साबित हो सकती है।
इस पहल के जरिए शिक्षक ने न केवल बच्चों के चेहरों पर खुशी लाई, बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। उनका कहना है कि जन्मदिन या अन्य छोटे आयोजनों में अनावश्यक खर्च करने के बजाय यदि समाज और बच्चों के हित में उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया जाए तो इससे जरूरतमंदों को लाभ मिलता है और समाज में सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
शिक्षक दशरथ नागदा ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय इसे किसी के जीवन में उपयोगी बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों पर फिजूलखर्ची से बचते हुए पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कार्य करें।
गौरतलब है कि आज कई युवा और सामाजिक कार्यकर्ता भी अपने जन्मदिन को अलग तरीके से मनाते हुए पौधारोपण, जरूरतमंदों की मदद और अन्य सामाजिक कार्य कर रहे हैं। शिक्षक दशरथ नागदा की यह पहल भी इसी सकारात्मक सोच का एक उदाहरण है, जो दूसरों को भी अपने खास दिन को समाजहित में मनाने के लिए प्रेरित कर सकती है।