नीमच। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली द्वारा 25 अगस्त से 23 अक्टूबर 2026 तक 60 दिवसीय मेगा ड्राइव संचालित की जा रही है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश के 7 जिलों का चयन किया गया है, जिसमें नीमच जिला भी शामिल है। जिले में मेगा ड्राइव के लिए मनासा तहसील के ग्राम बर्डिया का चयन किया गया है।
ग्राम बर्डिया में 3 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे ग्राम पंचायत परिसर में लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा किया जाएगा। शुभारंभ के बाद ग्रामीणजनों के साथ आगामी 60 दिनों में संचालित होने वाली गतिविधियों को लेकर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा।
घर-घर सर्वे कर चिन्हित होंगे पात्र हितग्राही-
मेगा ड्राइव के दौरान ग्राम बर्डिया में घर-घर सर्वे किया जाएगा। इस दौरान पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर नालसा की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित शासकीय विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों को अधिकारों और योजनाओं की दी जाएगी जानकारी-
अभियान के दौरान पैरा लीगल वॉलिंटियर्स ग्रामीणजनों को उनके विधिक अधिकारों तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही जरूरतमंद लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता और शासन की संबंधित योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।