शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र के बमेरा गांव में बुधवार को 30 वर्षीय युवक रवि केवट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। रवि का शव गांव की पहाड़ी पर मिला था। परिजनों ने गांव के ही बालकिशन लोधी पर हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस से हत्या का मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों के मुताबिक, बालकिशन लोधी शाम के समय रवि को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया था। करीब एक घंटे बाद रवि पहाड़ी पर मृत अवस्था में मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव देखने के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई।
परिजनों का आरोप है कि बालकिशन लोधी और उनके परिवार के साथ पहले से रंजिश चली आ रही थी। परिवार का यह भी दावा है कि रवि के भाई की पूर्व में हुई मौत के मामले में रवि गवाह था और उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। इसी पुराने विवाद को रवि की मौत से जोड़कर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
परिजनों ने यह सवाल भी उठाया कि घटना के बाद बालकिशन और उसका परिवार गांव से फरार क्यों है। उनका कहना है कि यदि वह दोषी नहीं है तो सामने आकर पूरी घटना की जानकारी दे, जिससे सच्चाई सामने आ सके।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने भौंती थाना पुलिस से हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में परिवार और ग्रामीणों ने शिवपुरी-पिछोर मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे।