नीमच। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन नीमच के सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, लोक-आस्था और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘श्रीकृष्ण पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 4 सितंबर को शाम 7 बजे से मनासा और जावद में विशेष सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और लोक गायन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों एवं उनकी भक्ति भावना को प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश नि शुल्क रहेगा।
मनासा में नृत्य नाटिका और भक्ति गायन-
मनासा के द्वारकाधीश मंदिर के सामने, गांधी चौक पर शाम 7 बजे से श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। इंदौर की दीपिका सिंह एवं साथी कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और जीवन प्रसंगों को नृत्य के माध्यम से साकार करेंगे। इसके साथ भोपाल की प्रतिमा गोस्वामी एवं साथी कलाकार भक्तिमय गायन की प्रस्तुति देंगे।
जावद में लोक और भक्ति गायन की प्रस्तुति-
जावद के श्री सांवलिया जी मंदिर, रामलीला मैदान, खोर दरवाजा पर 4 सितंबर को शाम 7 बजे से लोक गायन और भक्ति गायन की प्रस्तुतियां होंगी। भोपाल की पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं साथी कलाकार लोक गायन तथा नम्रता कुशवाह एवं साथी कलाकार भक्ति गायन के माध्यम से श्रीकृष्ण की भक्ति और लोक परंपरा को स्वर देंगे।
नई पीढ़ी को कृष्ण परंपरा से जोड़ने का प्रयास-
‘श्रीकृष्ण पर्व’ के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध कृष्ण परंपरा, लोक-स्मृतियों और विभिन्न कला अभिव्यक्तियों को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन और लोक-सांस्कृतिक विरासत को आमजन तक पहुंचाने का उद्देश्य है।