दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया के इन्दगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणपुरा में बंधुआ मजदूरी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मानसिक रूप से कमजोर मजदूरों को मुक्त कराया। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने गांव में दबिश देकर मजदूरों को छुड़ाया। मुक्त कराए गए चारों मजदूरों का मेडिकल कराया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
समाजसेवी मनोज दीक्षित का दावा है कि गांव में अभी भी 10 से 15 बंधुआ मजदूर होने की आशंका है, जिनकी तलाश जारी है। तहसीलदार दीपक यादव ने बताया चारों मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कर मेडिकल कराया गया है। उनके परिजनों की पहचान कराई जा रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई जारी है। वहीं लेबर इंस्पेक्टर (श्रम विभाग) का कहना है प्रथम दृष्टया मामला बंधुआ मजदूरी का प्रतीत होता है। मजदूरों के बयान और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ श्रम कानून और बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल एसपी मनजीत सिंह चावला ने पुष्टि करते हुए कहा जो भी वैधानिक कार्रवाई है उसे किया जाएगा।