इंदौर। शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रेडिसन एवं सत्यसाई चौराहे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात विक्रम सिंह रघुवंशी एवं सहायक पुलिस आयुक्त लाल बहादुर बौद्ध की उपस्थिति में थाना प्रभारी यातायात जोन-2 राधा यादव एवं टीम ने रेडिसन और सत्यसाई चौराहे पर विशेष अभियान चलाया। व्हील लॉक पार्टी एवं सपोर्ट टीम के सहयोग से 65 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मोबाइल पर बात करने वालों पर भी कार्रवाई-
अभियान के दौरान रेड लाइट का उल्लंघन करने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने वाले चालकों को चिन्हित किया गया। कई वाहन चालक ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करते हुए पाए गए।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन चालकों ने पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भी मोबाइल पर बात जारी रखने या अलग-अलग कारण बताकर कार्रवाई से बचने का प्रयास किया। हालांकि, यातायात पुलिस ने नियमों के पालन में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, रेड लाइट का पालन करें तथा निर्धारित लेन और दिशा में ही वाहन चलाएं। यातायात नियमों का पालन वाहन चालक की अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।