सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी में सड़क के लिए संग्राम अब सियासी रंग लेती नजर आ रही है। खड्डी खुर्द-बगैहा टोला तक महज 5 किलोमीटर की सड़क की मांग को लेकर अब 2 हफ्ते बीत गए। सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर लीला साहू ग्रामीणों के साथ धरने पर डटी रहीं। वहीं आम आदमी पार्टी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देकर जिला कलेक्टर कार्यालय में धरना की चेतावनी दी।
धरना स्थल पहुंचे थे आम आदमी पार्टी नेता
सीधी जिले के जिला मुख्यालय से महज 50 किलोमीटर दूर खड्डी से बगैहा पहुंच मार्ग अब सियासत की सड़क बन चुकी है। जहां बारिश, कीचड़ और बदहाल रास्तों के बीच जारी इस आंदोलन को अब 2 हफ्ते होने को आ गए। हैं। बीते दिन सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल समेत आम आदमी पार्टी के कई नेता धरना स्थल पहुंचे।
कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठने की चेतावनी
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने लीला साहू और ग्रामीणों को समर्थन देते हुए सड़क से जिला कलेक्ट्रेट और जिम्मेदारों तक आवाज उठाने की बात कही है। वहीं प्रदेश महासचिव आनंद मंगल सिंह ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट के सामने बिना पंडाल धरने पर बैठेंगे। आम आदमी के नेताओं ने भाजपा-कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।