जीरन। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नगर के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 13 में गुरुवार को ‘आंगन मिलन समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र मुकाती, वार्ड पार्षद प्रभा लक्षकार, दक्षिण मंडल मंत्री ऊषा सोनी, पार्षद प्रतिनिधि राजेश लक्षकार, विकास सुथार एवं बूथ अध्यक्ष जगदीश राव तावरे ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह में वार्ड की लाभार्थी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ को लेकर अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए शासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से उन्हें आर्थिक सहायता के साथ सामाजिक सुरक्षा का भी संबल मिला है।
बच्चों की सुविधा के लिए कुर्सियां भेंट-
इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रभा राजेश लक्षकार ने आंगनवाड़ी केंद्र में अध्ययनरत बच्चों की सुविधा के लिए कुर्सियां भेंट कीं। इस पहल की उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता चंदनबाला जैन ने किया। अंत में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता निर्मला राव तावरे ने अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायिका पुष्पा दलाल का विशेष सहयोग रहा।