मंदसौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘वाराणसी-वडनगर जल जन सेवा संकल्प यात्रा’ बुधवार को जिले के सीतामऊ पहुंची। यात्रा के दौरान सीतामऊ स्थित नट नागर शोध संस्थान में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें रक्त सेवा पोर्टल का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विधायक हरदीप सिंह डंग, नगर परिषद अध्यक्ष मनोज शुक्ला, धीरज पाटीदार, एसडीएम शिवानी गर्ग, नगर पालिका अधिकारी जीवन राय माथुर, नायब तहसीलदार सहित नागरिकगण मौजूद रहे।
रक्त सेवा पोर्टल से जुड़ सकेंगे रक्तदाता-
कार्यक्रम में बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों द्वारा तैयार किए गए रक्त सेवा पोर्टल पर रक्तदाता अपना पंजीयन करा सकते हैं। वहीं, रक्त की आवश्यकता वाले व्यक्ति पोर्टल पर अपनी जरूरत की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके माध्यम से जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
विद्यार्थियों ने रखे ‘मेरे सपनों का भारत’ पर विचार-
सीतामऊ में इस अवसर पर युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें सांदीपनि स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने देश के विकास, युवा भूमिका और भविष्य के भारत को लेकर अपने विचार साझा किए।
ग्रामीण क्षेत्रों में हुआ यात्रा का स्वागत-
सीतामऊ पहुंचने से पहले यात्रा क्रमांक-8 के तहत मेरियाखेड़ी में प्रवेश करने के बाद दीपा खेड़ी और दलावदा होते हुए सीतामऊ पहुंची। इसके बाद यात्रा ग्राम हांडी पहुंची। पूरे मार्ग में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा स्वागत मंच बनाए गए, जहां यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
यात्रा के दौरान पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।