नीमच। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा के सहयोग से बड़नगर से वाराणसी तक निकाली जा रही ‘जल-जन सेवा संकल्प यात्रा’ 2 अक्टूबर को नीमच पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत, सेवा और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यात्रा का उद्देश्य जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। यात्रा का दोपहर 12.30 बजे स्वामी विवेकानंद कॉलेज पर आगमन होगा। इसके बाद शिवाजी सर्कल, फव्वारा चौक, बारादरी, घंटाघर, पुस्तक बाजार एवं भारत माता चौराहा होते हुए यात्रा वात्सल्य भवन पहुंचेगी। विभिन्न पड़ावों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
पीजी कॉलेज में स्वच्छता कार्यक्रम और वाहन रैली-
यात्रा के दौरान पीजी कॉलेज में माल्यार्पण एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1.15 बजे वाहन रैली निकाली जाएगी, जबकि दोपहर 2 बजे वात्सल्य भवन में समरसता भोज का आयोजन होगा।
यात्रा के तहत डीकेन में जल संरक्षण सेवा, मोरवन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण तथा सरवानिया महाराज में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान एवं हितग्राही संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
नीमच आगमन पर सांसद सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, दिलीप सिंह परिहार एवं अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने दी।