मनासा। स्वच्छता ही सेवा 2026 राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर नगर परिषद मनासा द्वारा शुक्रवार को सार्वजनिक स्थल बस स्टैंड पर स्वच्छता श्रमदान एवं स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी की उपस्थिति में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को स्मरण किया गया। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए नागरिकों को जागरूक एवं प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मयूरी जोक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय पाटीदार, नगर परिषद उपाध्यक्ष किशोर जोलानिया, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर अजय तिवारी, पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, व्यापारी संघ के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, नगर परिषद कर्मचारी, आरवी कॉलेज मनासा के शिक्षक, एनएसएस एवं एनसीसी विद्यार्थी, नागरिक तथा स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे।
श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश-
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता की शपथ लेकर नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया।
नगर परिषद मनासा ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखकर नगर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।