माउंट आबू। नक्की झील स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, आंतरिक सुरक्षा अकादमी के डिप्टी कमांडेंट एसी मिश्रा, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान, नगर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह भाटी, नगर पालिका उपाध्यक्ष विशाल बंसल और आयुक्त त्रिकम दान चारण सहित विद्यार्थी, पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। सभी अतिथियों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके विचारों और आदर्शों को याद किया।
समारोह में वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शहरवासी भी उपस्थित रहे।