कुरावर। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर नगर परिषद कुरावर के वार्ड क्रमांक 5 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
वार्ड पार्षद मोहन वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे वार्ड में साफ-सफाई की। जगह-जगह पड़े कचरे को एकत्रित कर निपटान किया गया।
इस अवसर पर पार्षद मोहन वर्मा ने कहा कि देशभर में स्वच्छता अभियान चल रहा है। हम सभी वार्डवासियों और कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि हम अपने वार्ड को साफ-सुथरा रखें। आज गांधी जयंती पर उन्हें नमन करते हुए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए संकल्पित हैं।
सफाई अभियान के दौरान सभी ने वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस अवसर पर वार्ड के गणमान्य नागरिक, युवा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।