नीमच। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती एवं सेवा संकल्प के अवसर पर नीमच में स्वच्छता और पॉलीथिन मुक्त शहर का संदेश देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
शहर को स्वच्छ एवं पॉलीथिन मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा इसके स्थान पर कपड़े की थैलियों का उपयोग करने का संदेश दिया गया।
सब्जी मंडी क्षेत्र में किया श्रमदान-
रैली के बाद सब्जी मंडी क्षेत्र के बाहर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। इस दौरान सब्जी विक्रेताओं, दुकानदारों एवं आमजन को कपड़े की थैलियां वितरित की गईं और पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि शहर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ पॉलीथिन मुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वच्छ शहर बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।