चित्तौड़गढ़। आगामी दुर्गाष्टमी पर्व को लेकर विश्व हिन्दू परिषद मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की बैठक नगर स्थित महावीर व्यायामशाला में सम्पन्न हुई। बैठक में दुर्गाष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई तथा शक्ति संचलन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता दुर्गावाहिनी क्षेत्रीय संयोजिका लता पांड्या, विहिप जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया, जिला मंत्री चंद्रशेखर सोनी ने की । लता पांड्या ने केंद्र की योजना एवं स्वरूप की जानकारी देते हुए कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
विहिप नगर उपाध्यक्षा राधा काबरा एवं दुर्गावाहिनी नगर संयोजिका अंजलि सेन ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 अक्टूबर को दुर्गावाहिनी द्वारा भव्य शक्ति संचलन निकाला जाएगा। संचलन शहर स्थित पाडनपोल से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कुमावतों के नोहरा पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।
बैठक में मातृशक्ति जिला संयोजिका शिवानी साहू एवं मातृशक्ति नगर संयोजिका सपना कीर ने बहनों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक संख्या में दुर्गावाहिनी से जुड़ने का आह्वान किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को संचलन की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों से संबंधित विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। दुर्गाष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले इस शक्ति संचलन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
कार्य्रकम में अन्य व्यवस्थाओ के सहयोग के लिए विभाग संयोजक योगेश दशोरा, नगर अध्यक्ष बालमुकुन्द सोमानी, नगर मंत्री मोहित अरोड़ा, नगर सह मंत्री सुमित हेड़ा, नगर संयोजक अमन गौड़ जिला शक्ति साधना केंद्र प्रमुख आरुषि पांड्या, छात्रा प्रमुख कामाक्षी सारस्वत, बाल संस्कार केंद्र प्रमुख माया गोस्वामी, सत्संग प्रमुख प्रीति मीणा, नगर शक्ति साधना केंद्र प्रमुख आरती प्रजापत, विशाखा सन्त, सुनीता गौड़, शीला भराडिया आदि की उपस्थिति रहीं।