देवास। गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर देवास में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शहरभर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत गजरा गियर्स चौराहे पर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद स्वच्छता अभियान और पौधारोपण किया गया।
इसके बाद शिवाजी पार्क, भोपाल चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। विधायक गायत्री राजे पवार, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, निगम आयुक्त दलीप कुमार सिंह, सत्ता पक्ष नेता मनीष सेन, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बेस सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी अभियान में शामिल हुए। सभी ने झाड़ू लगाकर कचरा एकत्रित किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर शहर के सभी 45 वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई मित्रों का सम्मान भी किया गया। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण को लेकर शहर के तीन तालाबों में श्रमदान भी किया जाएगा।
निगम आयुक्त दलीप कुमार सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया है। अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ रखने के साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।