नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही वाराणसी-वडनगर जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा शुक्रवार को नीमच पहुंची। शहर में पहुंचने पर विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान यात्रा का गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
यात्रा के साथ पहुंचे अविनाश प्रताप सिंह चंदन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर वाराणसी से वडनगर तक यह यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के माध्यम से गांवों और शहर की गलियों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही नशामुक्ति अभियान और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क सहित सेवा एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में यात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। विभिन्न स्थानों पर यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य लोगों को सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर्मस्थल वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही यह यात्रा आज नीमच पहुंची है। गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का पलक-पांवड़े बिछाकर स्वागत एवं वंदन किया गया। लंबी दूरी तय कर नीमच पहुंची यात्रा का शहरवासियों ने उत्साह के साथ स्वागत किया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यात्रा भी इसी सेवा भावना और जनजागरूकता के संदेश को आगे बढ़ा रही है।