गरोठ-कोटड़ाबुजुर्ग। कोटड़ाबुजुर्ग के वीर सपूत घनश्याम पाटीदार ने भारतीय सेना के Corps of EME में टेक्निकल तोपखाना (Artillery) के रूप में 24 साल 18 दिन तक राष्ट्र की सेवा करने के बाद 2 अक्टूबर को सेना से विदाई ली।
सेवा पूर्ण कर गांव लौटे घनश्याम पाटीदार का गरोठ रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों ने ढोल-डीजे के साथ जोरदार स्वागत किया। इसके बाद रेलवे स्टेशन से कोटड़ाबुजुर्ग तक स्वागत जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा शामिल हुए। देशभक्ति गीतों पर युवा और ग्रामीण उत्साह से झूमते नजर आए।
गांव पहुंचने से पहले घनश्याम पाटीदार ने अपनी जन्मभूमि को नमन किया। गांव में प्रवेश करने पर जगह-जगह ग्रामीणों ने फूलमालाओं, श्रीफल और साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा।
घनश्याम पाटीदार ने सेना में रहते हुए देशसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी 24 साल 18 दिन की समर्पित सैन्य सेवा पर कोटड़ाबुजुर्ग के ग्रामीणों ने गर्व जताते हुए उनका अभिनंदन किया।