नीमच। राज्य शासन के निर्देशानुसार बलराम कृषि महोत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम 5 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी, चंगेरा, नीमच में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर मंच एवं बैठक व्यवस्था, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परिवहन, विद्युत एवं फायर सेफ्टी, स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस, पेयजल, स्वच्छता तथा शौचालय सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
महोत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कृषि संबंधी जानकारी देने वाली प्रदर्शनी लगाई जाएगी। किसानों एवं हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ चयनित लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में कन्या पूजन, रंगोली और दीप प्रज्वलन जैसी गतिविधियां भी होंगी।
मुख्यमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर इंटरनेट कनेक्टिविटी, लाइव प्रसारण और तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश एवं सहायक नोडल अधिकारी एन.एस. रावत को सौंपी गई है।
बलराम कृषि महोत्सव किसानों, कृषि विभाग और शासन की योजनाओं के बीच संवाद एवं सहभागिता का महत्वपूर्ण अवसर रहेगा।