चित्तौड़गढ़। भारतीय डाक विभाग के तत्वावधान में चित्तौड़गढ़ डाक मंडल की ओर से जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ‘मेवाड़पेक्स-2026’ का आयोजन 9 एवं 10 अक्टूबर को महेश भवन, कुंभा नगर, चित्तौड़गढ़ में किया जाएगा। प्रदर्शनी में आमजन के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
दुर्लभ और ऐतिहासिक डाक टिकटों का होगा प्रदर्शन-
प्रदर्शनी में डाक टिकट संग्रहकर्ताओं द्वारा अपने दुर्लभ एवं ऐतिहासिक डाक टिकट संग्रह प्रदर्शित किए जाएंगे। विभिन्न कालखंडों में ऐतिहासिक स्थलों, महत्वपूर्ण घटनाओं, महान विभूतियों, कला, संस्कृति एवं विज्ञान से संबंधित जारी किए गए डाक टिकटों को उनके संक्षिप्त इतिहास के साथ प्रदर्शित किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं युवाओं को डाक टिकटों के जरिए देश की समृद्ध कला, संस्कृति, इतिहास एवं विरासत को जानने-समझने का अवसर मिलेगा।
विद्यार्थियों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं-
प्रदर्शनी के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए स्टाम्प पेंटिंग एवं फिलैटली आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह और फिलैटली के संबंध में उपयोगी एवं रोचक जानकारी भी दी जाएगी।
‘माय स्टाम्प’ से अपने फोटो वाला डाक टिकट बनवाने का मौका-
प्रदर्शनी में डाक विभाग की आकर्षक योजना ‘माय स्टाम्प’ का काउंटर भी लगाया जाएगा। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने फोटो वाला डाक टिकट बनवा सकेगा। इसके लिए 300 रुपए प्रति शीट शुल्क निर्धारित किया गया है।
डाक टिकट और फिलैटली सामग्री भी मिलेगी-
प्रदर्शनी के दौरान डाक टिकट, प्रथम दिवस आवरण, सूचना प्रपत्र सहित फिलैटली से संबंधित विभिन्न सामग्री खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। प्रदर्शनी में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी सचिव, आयोजन समिति एवं अधीक्षक डाकघर, चित्तौड़गढ़-312001 से प्राप्त की जा सकती है।
अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान-
अधीक्षक डाकघर ने आमजन, विद्यार्थियों एवं डाक टिकट प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ‘मेवाड़पेक्स-2026’ के माध्यम से डाक टिकटों के जरिए देश की कला, संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।