उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को खेल जगत के कई दिग्गज सितारे पहुंचे। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी कुलदीप यादव और तिलक वर्मा के साथ-साथ प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी विवेक प्रसाद ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी की अलौकिक प्रातःकालीन भस्म आरती में भाग लिया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आरती के दौरान इन खिलाड़ियों ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव की आराधना की और पूरा समय भक्तिमय माहौल में व्यतीत किया। मंदिर समिति की ओर से भी खिलाड़ियों का स्वागत और सम्मान किया गया। भस्म आरती के दर्शन कर सभी खिलाड़ी अभिभूत नजर आए और उन्होंने इसे अपने लिए एक अत्यंत अलौकिक व ऊर्जावान अनुभव बताया।