मुरैना। जिले के पोरसा क्षेत्र में एक मकान के पिछले हिस्से से बड़ी मात्रा में सॉर्बिटोल मिलने का मामला सामने आया है। पियनी रोड स्थित मकान से सॉर्बिटोल के 11 ड्रम मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। इनमें 8 ड्रम भरे हुए, जबकि 3 खाली बताए जा रहे हैं। प्रत्येक भरे ड्रम में करीब 300 किलोग्राम पदार्थ होने की जानकारी सामने आई है। इस हिसाब से कुल मात्रा लगभग 2.4 टन बताई जा रही है। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार और खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, पोरसा के पियनी रोड पर ज़ख़ूले की तिवरिया के मकान के बगल में स्थित ज़ख़ूले पचौरी के मकान के पिछले हिस्से में ये ड्रम रखे हुए मिले। ड्रमों पर 'SORBITOL 70% (NON CRYSTALLIZING)' लिखा हुआ है। इतनी बड़ी मात्रा में पदार्थ मिलने के बाद इसके भंडारण और उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
खाद्य निरीक्षक ने लिए सैंपल, कमरे में रखवाकर लगवाया ताला
मामले की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। खाद्य निरीक्षक अनिल परिहार ने ड्रमों में रखे पदार्थ के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। कार्रवाई के बाद सभी 11 ड्रमों को एक कमरे में सुरक्षित रखवाकर ताला लगा दिया गया। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पदार्थ की वास्तविक पहचान और गुणवत्ता से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आखिर किस उद्देश्य से रखा गया था इतना सॉर्बिटोल?
मकान में इतनी बड़ी मात्रा में सॉर्बिटोल का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, इस पदार्थ का इस्तेमाल दूध में मिलावट या किसी अन्य अवैध गतिविधि में किए जाने की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि पदार्थ कहां से लाया गया था, इसे किस उपयोग के लिए रखा गया था और इसके भंडारण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं। फिलहाल सभी की नजरें सैंपल की जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।