शाजापुर। अहिरवार समाज संघ के तत्वावधान में रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को शाजापुर के श्री जी मैरिज गार्डन में जिला अधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन में समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनाने के साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, संगठन विस्तार और समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
अधिवेशन में समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को सही दिशा प्रदान करने, सामाजिक बुराइयों और गलत गतिविधियों के प्रति जागरूकता लाने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संगठन और एकता बेहद आवश्यक हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक विकास में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
जिला कार्यकारिणी के गठन और संगठन विस्तार पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान अहिरवार समाज संघ की जिला कार्यकारिणी के गठन एवं संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा की गई। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, अधिक से अधिक समाजबंधुओं को जोड़ने और सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया। साथ ही युवाओं को शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करने की बात कही गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित समाज के वरिष्ठजन रहे उपस्थित
अधिवेशन में अहिरवार समाज संघ भारत के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जयदीश सूर्यवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाजापुर जिलाध्यक्ष धीसूलाल सूर्यवंशी ने की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. हनुमंत सिंह बौद्ध, पर्वत सिंह अहिरवार, पूर्व डीएसपी एवं प्रांतीय अध्यक्ष एम.एम. वर्मा, डॉ. एन.एस. वर्मा, अंबाराम अहिरवार, जिला उपाध्यक्ष ताराचंद राजोरिया सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन और युवा मौजूद रहे।
अहिरवार समाज युवा मोर्चा के शाजापुर जिलाध्यक्ष भगवान सिंह अहिरवार ने समाजबंधुओं से सामाजिक एकता, सुधार और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
अधिवेशन में श्शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करोश् के संदेश के साथ समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया गया।