मनासा। नगर में जगह-जगह बालू रेत के ढेर लगे होने से रेत के भंडारण और कारोबार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मुख्य मार्गों, खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास रेत के ढेर नजर आ रहे हैं। इससे जहां आम नागरिकों को परेशानी हो रही है, वहीं यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में कई स्थानों पर रेत का भंडारण किया जा रहा है। यदि यह भंडारण बिना अनुमति किया जा रहा है, तो संबंधित विभागों को इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। रेत के ढेरों से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। वहीं, सड़क किनारे रेत जमा होने से यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल-
नगर में जगह-जगह रेत के ढेर दिखाई देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर नागरिक सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि संबंधित विभागों को यह जांच करनी चाहिए कि रेत कहां से लाई जा रही है, उसका परिवहन और भंडारण नियमानुसार हो रहा है या नहीं। यदि कहीं अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
खनिज विभाग से जांच की मांग-
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से नगर में रेत के भंडारण स्थलों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर रखी रेत से आमजन को हो रही परेशानी का समाधान करने की अपील की है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग मामले को लेकर क्या कदम उठाते हैं और नगरवासियों को कब राहत मिलती है।