रतलाम। दुर्गापूजा और दीपावली सहित त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अहमदाबाद से मालदा टाउन के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। विशेष किराये पर संचालित होने वाली यह ट्रेन रतलाम और नागदा स्टेशन से होकर गुजरेगी। इसकी शुरुआत 14 अक्टूबर से होगी और यात्रियों को नवंबर के अंत तक इस अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि ट्रेन दोनों दिशाओं में निर्धारित तारीखों के अनुसार संचालित की जाएगी।
अहमदाबाद से हर बुधवार चलेगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 09401 अहमदाबाद-मालदा टाउन स्पेशल प्रत्येक बुधवार दोपहर 3:30 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी। यह रात 8:35 बजे रतलाम पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 8:40 बजे रवाना होगी।
इसके बाद ट्रेन रात 9:53 बजे नागदा पहुंचेगी और 9:55 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। यह शुक्रवार सुबह 10 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन 14 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।
मालदा टाउन से शुक्रवार को वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 09402 मालदा टाउन-अहमदाबाद स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार रात 8:05 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी।
यह रविवार सुबह 5:40 बजे नागदा पहुंचेगी और 5:42 बजे रवाना होगी। इसके बाद सुबह 6:25 बजे रतलाम पहुंचकर 6:30 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। ट्रेन रविवार दोपहर 1 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। वापसी की सेवा 16 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक निर्धारित है।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
दोनों दिशाओं में ट्रेन नडियाद, आनंद, छायापुरी, गोधरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, अभयपुर, जमालपुर, सुल्तानगंज, भागलपुर, कहलगांव, साहिबगंज, बड़हरवा और न्यू फरक्का स्टेशनों पर ठहरेगी।
एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा
इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों के लिए एसी थ्री-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास के कोच उपलब्ध रहेंगे। रेलवे की इस पहल से त्योहारों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।