नीमच। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम जोड़ने तथा निर्वाचक नामावली को अद्यतन करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में निर्वाचक नामावली के निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया के तहत यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन करने के कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
फॉर्म-6 से होगा नए मतदाताओं का पंजीयन-
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पहली बार पात्र मतदाता बनने वाले युवाओं सहित मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नियमानुसार आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 जमा करने के बाद अलग से घोषणा-पत्र (डिक्लेरेशन फॉर्म) प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है।
जिला और तहसील स्तर पर मिल रहा सहयोग-
विशेष अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले में पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी देने, आवेदन प्राप्त करने और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए तहसील स्तर पर एसडीएम एवं तहसीलदार तथा जिला स्तर पर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर.पी.एस. जादौन तथा उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव, राजेश यादव एवं वीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।