सिंगोली। नीमच जिले के सिंगोली कस्बे के समीप ग्राम कछाला में अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों का आक्रोश बुधवार सुबह फूट पड़ा। नाराज किसानों ने कछाला विद्युत ग्रिड का घेराव कर नीमच-सिंगोली सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों के प्रदर्शन के चलते मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार, किसान लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग को लेकर बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों से गुहार लगा रहे थे। लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती गई। बुधवार सुबह आक्रोशित किसानों ने विद्युत ग्रिड पर पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और नीमच-सिंगोली मार्ग पर बैठकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
मौके पर पहुंचा पुलिस और प्रशासनिक अमला-
सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।
किसानों की प्रमुख मांग अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने की है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग और प्रशासन किसानों की समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।